दीपावली पर शहीदों के सम्मान में जला एक दीपक – वीर सपूतों के बलिदान को किया नमन
लखनऊ, दीपावली। जब पूरा देश दीपावली के पावन पर्व पर दीपों की रोशनी से जगमगा रहा था, उसी शुभ अवसर पर योग टीम एवं नेशनल एक्स-सर्विसमैन को-ऑर्डिनेशन कमेटी, उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में DLF गार्डेन सिटी, रायबरेली रोड, लखनऊ स्थित योग पार्क में “एक दीपक शहीदों के नाम” कार्यक्रम का भावपूर्ण आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम की मूल परिकल्पना श्रीमती अरुणा उमराव द्वारा की गई थी, जिसे सभी के सामूहिक सहयोग एवं सहभागिता से साकार रूप दिया गया। कार्यक्रम कर्नल शिवेन्द्र कुमार शाही जी के संरक्षण में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य दीपावली की खुशियों के बीच देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर वीर शहीदों को स्मरण करना तथा उनके अद्वितीय त्याग, तपस्या और बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना था।
इस अवसर पर श्रीमती कीर्ति पटेल जी, डॉ. पी.के. सिंह जी, श्री राजेन्द्र राय जी, श्री राकेश ढोबाल जी, श्री अस्थाना जी, कर्नल शिवेन्द्र कुमार शाही जी, श्रीमती अरुणा उमराव एवं श्री देवेन्द्र कुमार उमराव सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं प्रतिभागियों ने अपने-अपने घरों से दीपक लाकर योग पार्क में प्रज्वलित किए। सभी ने एक साथ दीप प्रज्वलित कर अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर नेशनल एक्स-सर्विसमैन को-ऑर्डिनेशन कमेटी, उत्तर प्रदेश के महामंत्री श्री देवेन्द्र कुमार उमराव ने अपने संबोधन में कहा कि—
“हमारे वीर शहीदों की तपस्या, त्याग और सर्वोच्च बलिदान के दीप से ही आज हमारा जीवन सुरक्षित और प्रकाशमय है। जब हम अपने परिवार के साथ दीपावली की खुशियां मनाते हैं, तब हमें उन वीर सपूतों को भी याद रखना चाहिए, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। आइए, इस दीपावली पर एक दीपक उन अमर शहीदों के नाम भी जलाएं और उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करें।”
उन्होंने भावपूर्ण पंक्तियों के माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की—
अंधेरों को चीरकर जो दीप वो जला गए,
अपनों के वास्ते खुद को जो मिटा गए।
उन्हीं की छांव का यह उजाला है आज,
जो हमारे जीवन के पथ को रोशन कर गए।
कार्यक्रम के अंत में श्री उमराव ने DLF गार्डेन सिटी के समस्त निवासियों से अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने तथा समाज में सकारात्मकता, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
“एक दीपक शहीदों के नाम” केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता, शहीदों के प्रति सम्मान और आने वाली पीढ़ियों में देशभक्ति की भावना जागृत करने का एक सार्थक एवं प्रेरणादायक प्रयास रहा।
जय हिन्द! जय भारत!
सादर
देवेन्द्र कुमार उमराव
महामंत्री
नेशनल एक्स-सर्विसमैन को-ऑर्डिनेशन कमेटी – उत्तर प्रदेश
मोबाइल: 9451731552